सक्षम संस्था और महेश भगवती बल्दवा फाउंडेशन के नेत्र जाँच महाशिविर में उमड़ा जनसैलाब
जयपुर। आँखें ईश्वर का दिया हुआ सबसे अनमोल उपहार है और किसी के जीवन में फिर से रोशनी लाने का माध्यम बनने से बड़ा कोई संतोष नहीं हो सकता। इसी भावना और अंधत्व निवारण एवं रोकथाम के संकल्प के साथ, रविवार को गुलाबी नगर जयपुर में एक विशाल निःशुल्क नेत्र जाँच महाशिविर का आयोजन किया गया। सक्षम संस्था जयपुर और महेश भगवती बल्दवा फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में बनीपार्क स्थित एस.एस.जी. पारीक पी.जी. महाविद्यालय में आयोजित इस एक दिवसीय शिविर में स्वास्थ्य लाभ लेने वालों का भारी जनसैलाब उमड़ा। प्रातः 9:00 बजे से सायं 5:00 बजे तक चले इस महाशिविर ने सेवा और समर्पण का एक अनूठा उदाहरण प्रस्तुत किया।
आगामी दिनों में निःशुल्क ऑपरेशन सुनिश्चित किया जाएगा
इस वृहद स्तर के आयोजन को सुचारू रूप से चलाने के लिए 25 वरिष्ठ नेत्र रोग विशेषज्ञों, 50 प्रशिक्षित ऑप्टोमेट्रिस्ट और लगभग 250 से अधिक समर्पित कार्यकर्ताओं ने अपनी निरंतर सेवाएँ दीं। शिविर की व्यापकता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसमें 3618 लोगों का निःशुल्क पंजीयन किया गया। जाँच के उपरांत 3265 मरीजों को निःशुल्क दवाइयां और 1682 लाभार्थियों को मौके पर ही नंबर के चश्मे वितरित किए गए। वहीं, मोतियाबिंद व अन्य गंभीर नेत्र रोगों से पीड़ित 360 मरीजों को ऑपरेशन के लिए रेफर किया गया है, जिनका आगामी दिनों में निःशुल्क ऑपरेशन सुनिश्चित किया जाएगा।
